[पाकिस्तानी जनरल राहील शरीफ़: फ़ौज हर ख़तरे से निपटने के लिए तैयार' - BBC हिंदी]
पाकिस्तानी जनरल राहील शरीफ़: फ़ौज हर ख़तरे से निपटने के लिए तैयार'
20 सितंबर 2016
साझा कीजिए
Image copyrightREUTERS
पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ़ ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना परोक्ष और अपरोक्ष ख़तरों से निपटने के लिए तैयार है.
पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कोर कमांडरों की बैठक में देश के सामने मौजूद आंतरिक और बाहरी ख़तरों की समीक्षा की गई.
कोर कमांडरों की ये बैठक भारत प्रशासित कश्मीर के उड़ी में सेना के बेस कैंप पर चरमपंथियों के हमले के एक दिन बाद आयोजित की गई थी.
इस हमले में 18 भारतीय सैनिक मारे गए थे और कई जख्मी हो गए थे.
Image copyrightAFP
Image caption
उड़ी हमले में मारे गए 17 सैनिकों में से कुछ का शव सोमवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंचा. वहां उन्हें श्रद्धांजलि देते सेना के अधिकारी और जवान.
रविवार सुबह उत्तरी कश्मीर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास उड़ी में भारतीय सुरक्षाबलों और हमलावरों के बीच मुठभेड़ क़रीब पांच घंट तक चली.
भारतीय सेना के उत्तरी कमान के प्रवक्ता के मुताबिक़ रविवार को हुए हमले में 17 सैनिक मारे गए थे, जबकि एक घायल सैनिक की सोमवार को मौत हो गई.
पाकिस्तान सेना की ओर जारी बयान के मुताबिक़ जनरल राहील शरीफ ने भारत की ओर से दिए गए बयानों के हवाले से कहा, ''हम इस क्षेत्र में ताज़ा घटनाओं और उनके पाकिस्तान की सुरक्षा पर प्रभाव पर नज़र रखे हुए हैं.''
जनरल शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तानी सेना परोक्ष और अप्रत्यक्ष ख़तरों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
उन्होंने कहा, ''पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने जनता के साथ हर चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया है. देश की संप्रभुता और गरिमा को नुक़सान पहुंचाने की हर कोशिश को नाकाम बनाया जाएगा.''
Image copyrightEPA
भारत के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशन या डीजीएमओ लेफ़्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने सोमवार को एक बयान में कहा गया कि चारों चरमपंथियों का संबंध जैश-ए-मोहम्मद से था.
उन्होंने कहा कि हमलावरों के पास कुछ ऐसी वस्तुओं थीं जिन पर पाकिस्तान लिखा हुआ था.
उड़ी हमले के बाद भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने एक बयान में कहा था, ''पाकिस्तान एक आतंकवादी राज्य है. उसकी पहचान एक आतंकवादी मुल्क के रूप पर की जानी चाहिए और उसे अलग-थलग करने की जरूरत है.''
http://www.bbc.com/hindi/international-37415530?ocid=socialflow_facebook

No comments: