'डियर पाकिस्तान और भारत, युद्ध ऐसा होता है'
4 घंटे पहले
साझा कीजिए
Image copyrightAP
भारत और पाकिस्तान के मौजूदा तनाव के बीच पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने अमन की बात की है.
उन्होंने ट्वीट किया है, "इसकी कोई अहमियत नहीं है कि नॉन स्टेट एक्टर क्या कह रहे हैं, हमारा मीडिया क्या चाहता है, हमारे नेता क्या चाहते हैं, इसकी भी अहमियत नहीं है. भारत और पाकिस्तान के लोग अमन-शांति चाहते हैं."
मौजूदा तनाव के बीच अमन की बात करने वाले बिलावल पाकिस्तान के इकलौते नेता हैं.
इससे पहले नवाज़ शरीफ़ ने भारत के सर्जिकल स्ट्राइक को ख़ारिज जरूर किया है लेकिन उन्होंने पाकिस्तान में सर्वदलीय बैठक भी बुलाई. उससे पहले उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान की ओर किसी की भी बुरी नज़र बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Image copyrightTWITTER
हालांकि बिलावल भुट्टो पाकिस्तान में सोमवार को प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ की सर्वदलीय बैठक में शामिल हुए थे और उन्होंने कश्मीर के मुद्दे पर किसी तरह के समझौते से इनकार पर अपनी सहमति जताई थी, लेकिन मीटिंग के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने माना था कि कश्मीर समस्या का हल युद्ध नहीं है.
अपने एक अन्य ट्वीट में बिलावल भुट्टो ज़रदारी ने चरमपंथी हिंसा से प्रभावित सीरियाई लोगों के फुटेज को पोस्ट करते हुए लिखा है, "डियर पाकिस्तान और भारत, युद्ध ऐसा होता है." पाकिस्तान सेना के प्रमुख राहील शरीफ़ ने भी कहा था कि पाकिस्तानी सेना किसी भी स्थिति के लिए तैयार है.
वहीं जमात उल दावा के मुखिया हाफिज सईद ने कहा था कि भारत पर पाकिस्तानी सेना सर्जिकल स्ट्राइक करेगी. ऐसे माहौल में अमन और शांति की बात करके बिलावल भुट्टो ने अपनी राजनीतिक परिपक्वता का परिचय दिया है.
Image copyrightTWITTER
बिलावल भुट्टो के मुताबिक कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की गाइडलाइंस के मुताबिक ही व्यवहार करना चाहिए. हालांकि उन्होंने ये भी कहा है कि उनकी पार्टी कश्मीर के मुद्दे पर किसी तरह की राजनीति नहीं कर रही है.
http://www.bbc.com/hindi/social-37567061?ocid=socialflow_facebook
No comments:
Post a Comment