GETTY IMAGES
भारतीय वायुसेना के सूत्रों ने बीबीसी को इस बात की पुष्टि की है कि भारतीय वायुसेना के विमानों ने नियंत्रण रेखा पार कर कई निशानों पर बम हमले किए हैं.
वायुसेना सूत्रों ने बीबीसी संवाददाता जुगल पुरोहितको इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार तड़के अंबाला से कई मिराज विमान उड़े और बिना अंतरराष्ट्रीय सीमा का उल्लंघन किए निश्चित लक्ष्यों पर बम बरसाए.
विमानों ने एलओसी को पार किया और नियंत्रण रेखा के नज़दीक बालाकोट नाम के एक क़स्बे पर बम बरसाए.
सूत्रों ने बताया कि ये सारा अभियान आधे घंटे में पूरा हुआ. विमान तीन बजे तड़के उड़े और साढ़े तीन बजे तक सभी विमान सुरक्षित लौट आए.
इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने सुबह दावा किया कि भारतीय वायुसेना ने भारत-पाक नियंत्रण रेखा (एलओसी) का उल्लंघन किया है और पाकिस्तान की सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश की.
भारतीय मीडिया में इंडियन एयर फ़ोर्स के सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि भारत के लड़ाकू विमानों ने सुबह 3:30 मिनट पर बालाकोट के पास जैश-ए-मोहम्मद के एक कैंप पर हमला करके उसे तबाह कर दिया.
लेकिन भारत ने अभी तक आधिकारिक तौर पर ऐसी किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है.
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने वायुसेना को बधाई देते हुए ट्वीट किया है - "मैं भारतीय वायुसेना के पायलटों को सलाम करता हूँ."
पाक सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट किया कि मुज़फ़्फ़राबाद सेक्टर से भारतीय विमानों ने घुसपैठ की कोशिश की, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने त्वरित कार्रवाई की है.
उन्होंने ट्वीट किया, "भारतीय विमानों ने मुज़फ़्फ़राबाद सेक्टर से घुसपैठ की. पाकिस्तानी वायु सेना की तरफ़ से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की गई जिसके बाद वो भागने लगे."
"भागते हुए उन्होंने हड़बड़ा कर कुछ बम गिराए जो बालाकोट के नज़दीक गिरे. इसमें कोई नुक़सान या कोई हताहत नहीं हुआ है."
- यह भी पढ़ें | युद्ध से सुलझ पाएगा कश्मीर का मसला?
TWITTER/OFFICIALDGISPR
पाकिस्तान ने ये दावा ऐसे वक़्त में किया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच पुलवामा हमले को लेकर तनाव की स्थिति है.
14 फ़रवरी को हुए हमले के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि सुरक्षाबलों को ख़ुली छूट दे दी गई है.
वहीं पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा था कि अगर पाकिस्तान पर हमला होता है तो पाकिस्तान भी जवाबी कार्रवाई करेगा.

I salute the pilots of the IAF. 
No comments:
Post a Comment